शामली धर्मांतरण मामला: शामली के चर्चित धर्मांतरण प्रकरण में नया घटनाक्रम सामने आया है। करोड़पति दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक, जिन्होंने कथित तौर पर मुस्लिम युवती से विवाह के लिए इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम मोहम्मद अली रखा था, अब दोबारा सनातन धर्म में लौट आए हैं। सामने आए एक वीडियो में आयुष दाढ़ी और बाल मुंडवाने के बाद अपने घर के मंदिर में भगवान शिव और हनुमान जी की पूजा-अर्चना करते, दीप जलाते और घंटी बजाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए भी नजर आते हैं।
परिवार से मांगी माफी
वीडियो में आयुष मलिक ने कहा कि उन्होंने पहले इस्लाम धर्म स्वीकार किया था, लेकिन परिवार की परेशानियों को देखते हुए अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने माता-पिता से क्षमा मांगते हुए कहा कि वह अब उनके स्नेह और संरक्षण में रहना चाहते हैं। इस बयान के बाद उनके धर्म परिवर्तन और फिर घर वापसी का मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
Also Read: पाकिस्तान-फिलिस्तीन कनेक्शन! आयुष मलिक धर्मांतरण मामले में बड़ा खुलासा
पिता ने लगाए थे साजिश और ब्रेनवॉश के आरोप
आयुष के पिता देवराज मलिक ने दावा किया कि उनके बेटे का धर्म परिवर्तन सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। उनका आरोप है कि फिजियोथेरेपिस्ट चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी ने कथित तौर पर आयुष का ब्रेनवॉश कर उसे परिवार से अलग करने की कोशिश की। देवराज का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति पर नजर थी और इसी उद्देश्य से उनके बेटे का धर्म परिवर्तन कराया गया।
धर्म परिवर्तन मामले में दर्ज हुआ मुकदमा
देवराज मलिक की शिकायत पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था। दोनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल जारी है।
इलाज के दौरान हुई थी मुलाकात, फिर बदली जिंदगी
परिवार के अनुसार, वर्ष 2018 में पैर की चोट के इलाज के दौरान आयुष की मुलाकात चांदनी कुरैशी से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि वर्ष 2023 में आयुष को दिल्ली ले जाकर धर्म परिवर्तन कराया गया और उनका नाम मोहम्मद अली रखा गया। इसके बाद उन्होंने इस्लामी रीति-रिवाज अपनाने शुरू कर दिए थे। अब सनातन धर्म में वापसी के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































