सहारनपुर : दो माह में 35 लाख के चालान, 42 वाहन सीज, अपराधियों पर भी पुलिस का कसा शिकंजा

सहारनपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की है। मई और जून के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर करीब 35 लाख रुपये के चालान किए, जबकि गंभीर उल्लंघनों के मामलों में 42 वाहनों को सीज भी किया गया।

चोरी की तीन बाइक बरामद, कई मामलों का खुलासा

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बरामद वाहनों में एक बाइक का मामला थाना कुतुबशेर, दूसरी का देहरादून जिले के एक थाने और तीसरी का मुकदमा नगर कोतवाली में दर्ज पाया गया। पुलिस इन मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Also Read: UP: सहारनपुर में नशा तस्करों पर बड़ा वार, 24 लाख की स्मैक के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

अवैध हथियार और मादक पदार्थ भी बरामद

अभियान के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी सख्ती दिखाई। आर्म्स एक्ट के तहत आठ मुकदमे दर्ज करते हुए अवैध चाकू और तमंचे बरामद किए गए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए करीब 420 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। इसके अलावा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी लगातार कार्रवाई जारी रखी गई।

सड़क सुरक्षा पर भी विशेष फोकस

एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। क्रिटिकल कॉरिडोर टीम दुर्घटना संभावित स्थानों और सड़क संबंधी कमियों की पहचान कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें दूर कराने का प्रयास कर रही है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

Also Read: सहारनपुर: ‘ऑपरेशन दहन’ से नशा तस्करों में हड़कंप, 168.522 किलो नशीले पदार्थ नष्ट, तस्करों में मचा हड़कंप

जनसहयोग से अपराध नियंत्रण का आह्वान

व्योम बिंदल ने नगर कोतवाली पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे प्रो-एक्टिव पुलिसिंग का उदाहरण बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी, अवैध शराब, यातायात नियमों के उल्लंघन या किसी भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उनका कहना है कि जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)