सीतापुर : जनपद के जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) मिश्रिख में संचालित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों से बातचीत कर एचआरपी रजिस्टर का अवलोकन किया तथा बीपीएम से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की तैयारियों की जानकारी ली.
उन्होंने अभियान के तहत अब तक किए गए टीकाकरण की प्रगति की भी समीक्षा की. अभियान का पृथक रजिस्टर तैयार न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई. एएनसी रजिस्टर के निरीक्षण में भी कई त्रुटियां मिलने पर उन्होंने एआरओ को कड़ी फटकार लगाई. शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों का निर्वहन न करने पर बीपीएम एवं एआरओ का 15-15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए.
जिलाधिकारी ने ब्लड प्रेशर मशीन की भी जांच की तथा एचआरपी ट्रैकिंग रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए एक गर्भवती महिला से दूरभाष पर बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक प्राप्त किया. इसके बाद उन्होंने सीबीसी लैब का निरीक्षण किया, जहां मशीन खराब अवस्था में मिलने पर बीपीएम एवं एआरओ पर नाराजगी व्यक्त की.
साथ ही अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न होने और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के प्रभावी संचालन में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान बीसीपीएम के विभागीय अभिलेखों में भी त्रुटियां पाए जाने तथा दायित्वों का समुचित निर्वहन न करने पर जिलाधिकारी ने बीसीपीएम का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































