उत्तर प्रदेश : रायबरेली में यूपी-टीईटी की तैयारियां पूरी: 19 केंद्रों पर 42 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

रायबरेली : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा जनपद में आगामी दो, तीन और चार जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और नकलविहीन माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) व नोडल अधिकारी परीक्षा सिद्धार्थ की अध्यक्षता में टीईटी परीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में एडीएम ने स्पष्ट किया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील परीक्षा है. इसे सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए.


​19 केंद्रों पर 42,720 अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 42,720 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा तीन दिनों तक अलग-अलग पालियों में चलेगी. 02 व 03 जुलाई को परीक्षा दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जबकि 04 जुलाई को परीक्षा केवल प्रथम पाली में होगी.

प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी. प्रत्येक पाली में 8,544 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.

Also Read: NEET पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन, CBI ने दिल्ली से बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ को दबोचा

कमी होने पर केंद्र व्यवस्थापक तुरंत सुधारें

बैठक के दौरान एडीएम सिद्धार्थ ने निर्देश दिए कि सभी तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करें. यदि किसी भी केंद्र पर मूलभूत व्यवस्थाओं में कोई कमी पाई जाती है, तो केंद्र व्यवस्थापक उसे समय रहते तुरंत पूर्ण करा लें. सभी केंद्रों पर सुरक्षा, कड़े पहरे, सीसीटीवी निगरानी, सुचारू यातायात, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

​कर्तव्य पुस्तिका का गहन अध्ययन करने के निर्देश

नोडल अधिकारी ने सभी तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे कार्य पुस्तिका का गहन अध्ययन कर लें, ताकि अपने दायित्वों को भली-भांति समझ सकें और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो. उन्होंने भरोसा जताया कि सभी कार्मिक लगन, मेहनत, ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)