UP: अमेठी के तिलोई तहसील क्षेत्र स्थित सिंहपुर में एक बुजुर्ग के करीब 40 वर्ष पुराने मकान को बुल्डोजर से क्षतिग्रस्त किए जाने के कथित मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में तिलोई तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
भाजपा ब्लॉक प्रमुख पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्थानीय भाजपा ब्लॉक प्रमुख ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर बुजुर्ग के मकान को जबरन खाली कराया और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बिना बुल्डोजर चलवाकर मकान को नुकसान पहुंचाया। उनका दावा है कि पीड़ित परिवार पिछले लगभग चार दशकों से उसी मकान में रह रहा था, लेकिन प्रभावशाली लोगों के दबाव में उसके आशियाने को उजाड़ दिया गया।
दस दिनों से न्याय के लिए भटकने का दावा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार बीते दस दिनों से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि मामले को गंभीरता से न लेने के कारण स्थानीय लोगों में भी प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है।
तहसील परिसर में नारेबाजी, सौंपा ज्ञापन
मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिलोई तहसील परिसर में सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को न्याय और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
















































