उत्तर प्रदेश : अलीनगर में गंगा नहर में 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी, रील बनाने से रोकने पर आत्महत्या की आशंका

चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के आलू मिल नई बस्ती, वार्ड नंबर-3 स्थित गंगा नहर में बुधवार को लगभग 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी.

सूचना पर अलीनगर थाना पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीडीडीयू नगर तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी के शव को नहर से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ ही देर बाद मृतका की शिनाख्त खुशबू (15 वर्ष) के रूप में हुई.

सीओ पीडीडीयू नगर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि किशोरी को रील बनाने से परिजनों ने मना किया था. इसी बात को लेकर डांट पड़ने से वह आहत हो गई और संभवतः गंगा नहर में छलांग लगा दी. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है. परिजनों के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है. उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)