UP: इटावा ग्राम बलैयापुर में सरकारी तालाब की भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों ने पहले अतिक्रमण की पैमाइश कर सरकारी भूमि की सीमा चिन्हित की। इसके बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण और कब्जे को हटाया गया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार नेहा सचान और उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तालाब, चारागाह, खलिहान और अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को जहां भी शिकायत मिलेगी, वहां बिना किसी भेदभाव के इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों के बीच खलबली मच गई है। कई लोगों ने स्वयं ही सरकारी भूमि से अपना कब्जा हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































