उत्तर प्रदेश : दुल्हीपुर में लगातार भीषण जाम से लोग परेशान, आज भी घंटों जाम में फंसे वाहन; यातायात पुलिस ने संभाला मोर्चा

चंदौली: नगर के दुल्हीपुर क्षेत्र में बुधवार को भीषण जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग व मरीजों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा. जाम के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी विलंब हुआ.

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुल्हीपुर में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है. सड़क निर्माण कार्य और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है. लोगों का कहना है कि रोजाना लगने वाले जाम से आमजन का समय बर्बाद होता है और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है.

 

यातायात पुलिस ने सँभाला मोर्चा

जाम की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को व्यवस्थित कर यातायात सुचारु कराने का प्रयास शुरू किया. पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने में जुटे रहे.

 

सड़क निर्माण कार्य के कारण लग रहा जाम

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (यातायात) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि दुल्हीपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण अक्सर यातायात प्रभावित हो जाता है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास कर रही है. साथ ही भविष्य में जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल यातायात पुलिस की सक्रियता से स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई, लेकिन दुल्हीपुर में बार-बार लगने वाले जाम ने एक बार फिर स्थायी यातायात व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर कर दिया है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)