UP: फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के लोहिया नगर वार्ड में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जमीन बेचने से मना करने पर एक बेटे ने कथित तौर पर अपने 68 वर्षीय पिता की आधी रात में बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सोते समय किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, लोहिया नगर निवासी रामदास घर के बाहर बैठक में चारपाई पर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। आरोप है कि देर रात उनके छोटे बेटे श्यामकुमार ने पहले चारपाई पलट दी और फिर उन्हें नीचे गिराकर कुर्सी तथा ईंट से कई बार हमला किया। गंभीर चोटों के कारण रामदास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
परिजनों के मुताबिक, श्यामकुमार ने किश्तों पर बाइक खरीदी थी और किस्त चुकाने के लिए पहले बेटी से गहने गिरवी रखने को कहा था। बेटी के इनकार के बाद उसने पिता पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। रामदास द्वारा जमीन बेचने से साफ मना करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि घटना से पहले आरोपी ने अपने बच्चों के साथ भी मारपीट की, जिसके चलते वे डरकर पड़ोसी के घर जाकर सो गए।
सुबह पड़ोसी ने देखा खून से लथपथ शव
सोमवार सुबह करीब छह बजे एक पड़ोसी पशुओं को चारा डालने निकला तो घर का मुख्य गेट खुला मिला। बाहर उल्टी पड़ी चारपाई पर रामदास का खून से सना शव पड़ा था, जबकि पास में कुर्सी और ईंट भी पड़ी थी। सूचना मिलते ही परिवार और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने गठित की टीमें, आरोपी की तलाश जारी
मृतक के परिवार में दो बेटे थे, जिनमें बड़े बेटे ललित का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के समय उनकी पत्नी गुड्डी देवी किसी पारिवारिक कार्य से फर्रुखाबाद गई हुई थीं। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Input- Abhishek Gupta (Farrukhabad)
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































