UP: गाजियाबाद से लापता एक युवती बुधवार देर रात फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने युवती को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में दुष्कर्म की आशंका के चलते युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि एक युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इसके बाद उस पर धारदार और भारी वस्तुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया।
Also Read: UP: कर्मचारी की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने एसपी कार्यालय घेरा, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में एक युवक और एक बुजुर्ग व्यक्ति युवती के साथ दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
जीआरपी ने घटना की सूचना गाजियाबाद पुलिस को भी दे दी है। दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल युवती का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
















































