सहारनपुर: गागलहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित एएलएम मीट प्लांट में मंगलवार दोपहर अमोनिया गैस के रिसाव से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में प्लांट में कार्यरत 14 महिला मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं. कई महिलाएं बेहोश हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
बताया जा रहा है कि प्लांट में करीब 250 मजदूर कार्यरत हैं. गैस रिसाव होते ही कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और कुछ ही देर में कई महिला कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद फैक्ट्री का काम तत्काल बंद कर सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
अस्पताल में भर्ती महिलाओं में सकीबा, नसरीन, गुलशन, सरवीन, रुखसार, निशा, नयना, निशा, मीसबा, मजरीन, फमीना, बानो, सरीन और नगमा शामिल हैं. इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही अस्पताल में भर्ती मजदूरों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है.प्रशासन की ओर से अभी तक गैस रिसाव के कारण और सभी घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































