UP: चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 253 ग्राम हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, बरामद मादक पदार्थ की कीमत 31.62 लाख रुपये

चंदौली: जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। थाना बलुआ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी की संयुक्त टीम ने 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31.62 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना बलुआ प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से लगभग 50 मीटर आगे घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से शोर-शराबा किया, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता और संयम के साथ कार्रवाई जारी रखी। नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में मजिस्ट्रेटी तलाशी कराई गई।

तलाशी के दौरान अभियुक्त की हाफ पैंट की कमर में छिपाकर रखी गई काली पॉलिथीन से 253 ग्राम अवैध हेरोइन तथा 1,100 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वाराणसी के कैथी क्षेत्र से हेरोइन लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय स्तर पर ग्राहकों को बेचता था और मांग के अनुसार तौलकर उसकी आपूर्ति करता था।

Also Read: बलिया: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगदीश सिंह (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सोनबरसा (टाण्डाकला), थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना बलुआ में मु0अ0सं0 210/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जगदीश सिंह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2023 और 2025 में भी उसके खिलाफ थाना बलुआ में मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हुए थे। पुलिस के अनुसार, वह क्षेत्र का सक्रिय और शातिर नशा तस्कर है।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि थाना बलुआ पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई में 253 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 31.62 लाख रुपये है। इस संबंध में थाना बलुआ पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।चंदौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपरोक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा महोदय का वक्तव्य

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)