UP: मदरसे की किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जा रहा था मौलवी, रास्ते में परिजनों ने पकड़ा

UP: फतेहपुर ललौली थाना क्षेत्र में मदरसे में पढ़ने वाली किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप सामने आने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी ने किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और 16 अगस्त की रात उसे घर से मिलने के लिए बुलाया। आरोप के मुताबिक, इसके बाद किशोरी को बहला-फुसलाकर फर्रुखाबाद ले जाने का प्रयास किया गया। रास्ते में परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी गांव स्थित मदरसे में पढ़ती है। परिजनों का आरोप है कि मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी अब्दुल समद ने किशोरी को अपने झांसे में लिया। आरोपी मूलरूप से फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के बंथल शाहपुर गांव का निवासी बताया गया है।

Also Read: पिता मौलवी, बेटा पुजारी! मेरठ में कासिम बन गया कृष्ण, मंदिर में करवा रहा था पूजा

परिजनों के मुताबिक, किशोरी के घर से गायब होने की जानकारी मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान परिजनों को किशोरी मौलवी के साथ रास्ते में मिल गई। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

किशोरी के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही उसके बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, बयान में किशोरी ने मौलवी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.