UP: ढेला नदी का जलस्तर बढ़ा, खादर के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात

मुरादाबाद: पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। मुरादाबाद में ढेला नदी का जलस्तर बढ़ने से भोजपुर थाना क्षेत्र के खादर इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी का पानी आसपास के कई गांवों तक पहुंच गया है, जबकि कई संपर्क मार्गों पर भी पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

बताया जा रहा है कि आदमपुर, रुस्तमपुर, तिगरी, लालूवाला, इस्लामनगर, खईय्या खादर और सिहाली शाहपुर समेत एक दर्जन से अधिक गांवों में ढेला नदी के बढ़ते जलस्तर का असर दिखाई दे रहा है। गांवों के आसपास और खेतों में पानी भरने से फसलें जलमग्न हो गई हैं। ऐसे में किसानों को फसलों के खराब होने की चिंता सता रही है।

ALSO READ: UP: मुगलसराय पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 10 लोगों पर कार्रवाई

वहीं, कई गांवों को जोड़ने वाले रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। शाहपुर से इस्लामनगर होते हुए मुरादाबाद जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी बाढ़ का असर दिखाई दे रहा है। काफियाबाद के पास दमदमा की पुलिया पर पानी का स्तर बढ़ने से राहगीरों को सावधानी के साथ निकलना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि ढेला नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। बाढ़ की वजह से खेतों में पानी भरने के साथ पशुओं के चारे की व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव के इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से समय रहते जरूरी कदम उठाए जाने से किसी भी संभावित परेशानी को रोका जा सकता है।

Also Read: UP: रायबरेली में आरपी यादव की हुंकार से गरमाई सियासत, ‘समय बदलेगा’ के बयान पर चर्चा तेज

वहीं जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने कहा है कि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। स्थिति के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी। प्रशासन की टीमें हालात पर निगरानी रख रही हैं।

फिलहाल ढेला नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर खादर क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीण लगातार नदी के जलस्तर और आसपास के हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)