मथुरा के स्कूल परिसर में मौत का खतरा! बार-बार जल रहा ट्रांसफारमर, 2024 से हटाने की मांग बेअसर

मथुरा: मांट क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय मांट मूला के परिसर में लगा विद्युत ट्रांसफारमर आए दिन गर्म होकर आग की चपेट में आ जाता है। बीती रात करीब 11 बजे ट्रांसफारमर में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, जिससे विद्यालय में मौजूद बच्चों और शिक्षकों की जान पर कोई खतरा नहीं आया।

अतिरिक्त लोड के चलते बार-बार हो रही घटना

प्राथमिक विद्यालय मांट मूला में कक्षा एक से पांच तक के बच्चे पढ़ते हैं। विद्यालय परिसर में ही विद्युत विभाग ने ट्रांसफारमर स्थापित कर आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की है। स्थानीय लोगों के अनुसार अतिरिक्त विद्युत लोड के कारण ट्रांसफारमर में आए दिन आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। ताजा घटना में सूचना मिलने के बाद विद्युत आपूर्ति बंद कर आग पर काबू पाया गया।

Also Read: UP: बलिया में स्कूली बसों पर चला RTO का डंडा, नियमों की अनदेखी पर 15 बसों का चालान, 2 बसें सीज

2024 से ट्रांसफारमर हटाने की मांग, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि स्कूल परिसर से ट्रांसफारमर हटाने के लिए वर्ष 2024 से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनसुनवाई के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक ट्रांसफारमर को दूसरे स्थान पर नहीं किया गया। प्रधानाध्यापक के मुताबिक स्थान परिवर्तन के लिए विभाग को 60 हजार रुपये की धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

दिन में हादसा होता तो खतरे में पड़ सकती थी बच्चों की जान

प्रधानाध्यापक ने चिंता जताई कि ट्रांसफारमर में आग लगने की घटना यदि रात के बजाय स्कूल संचालन के समय होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। परिसर में छोटे बच्चे और शिक्षक मौजूद रहते हैं, ऐसे में आग या विद्युत दुर्घटना से जनहानि की आशंका बनी रहती है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों में भी चिंता है।

Also Read: UP: गंगाजल की शीशी खरीदो, तभी बनेगा आधार कार्ड! रायबरेली के डाकघर में अनोखा मामला

एसडीएम ने विद्युत विभाग को दिए स्थान परिवर्तन के निर्देश

मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम चंद्रभूषण प्रताप ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ट्रांसफारमर का तत्काल स्थान परिवर्तन कराने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस बार कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और विद्यालय परिसर में बने इस खतरे को कब तक हटाया जाता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)