UP: मुगलसराय में SiB इंस्पेक्टर के क्वार्टर में चोरी, करीब तीन लाख का सामान पार

चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में रेलवे क्वार्टर में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। मंगलवार देर रात चोरों ने क्वार्टर नंबर 1610 सीडी का दरवाजा तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह पड़ोसी ने क्वार्टर में रहने वाले आरपीएफ के SiB इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल को फोन कर दी।

SiB इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि वह अपने घर पर रुद्राभिषेक की पूजा के लिए तीन दिन की छुट्टी लेकर गए हुए थे। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब नौ बजे उनके पड़ोसी ने फोन कर बताया कि क्वार्टर का दरवाजा टूटा हुआ है और चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही वह तत्काल अपने क्वार्टर पहुंचे।

Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल

क्वार्टर में पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर एक सांकल, दो अंगूठियां, गैस सिलेंडर और टीवी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। संदीप कुमार जायसवाल के अनुसार चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। रेलवे चौकी के दो पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने क्वार्टर के आसपास जांच की और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।SiB इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल ने पुलिस से चोरी गया सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिक मांग है कि चोरी हुआ पूरा सामान वापस मिले और घटना को अंजाम देने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)