UP: बरेली जनपद के मीरगंज में रामगंगा नदी में बढ़ते जलस्तर और कटान के खतरे को देखते हुए कपूरपुर स्थित रामगंगा मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए बाढ़ खंड की ओर से कराए जा रहे फ्लड फाइटिंग कार्य का बुधवार को अधिशासी अभियंता नीरज कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्य की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ से बचाव के लिए चल रहे कार्यों में मानकों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं, ताकि नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान की स्थिति में मंदिर परिसर को सुरक्षित रखा जा सके।
Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
रामगंगा नदी के लगातार कटान से कपूरपुर क्षेत्र के ग्रामीणों में भी चिंता बनी हुई है। नदी का कटान मंदिर परिसर के आसपास तक पहुंचने की आशंका के चलते ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम कराने की मांग की थी। इसके बाद बाढ़ खंड की टीम ने बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी भी की जा रही है।
इससे पहले विधायक डॉ. डीसी वर्मा और एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला ने भी रामगंगा मंदिर परिसर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कटान रोकने और मंदिर समेत आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि नदी के जलस्तर और कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार बचाव कार्य बढ़ाए जाएंगे, जिससे किसी भी संभावित नुकसान को समय रहते रोका जा सके।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































