UP: बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सदर बीट क्षेत्र में गुरुवार सुबह चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के पास एक विशाल घड़ियाल और उदबिलाव दिखाई देने से लोगों में कौतूहल मच गया। बैराज पर मौजूद ग्रामीणों और सिंचाई कर्मचारियों की नजर पानी में मौजूद घड़ियाल पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कतर्नियाघाट रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में डिप्टी रेंजर मयंक पांडे और वन रक्षक कौशल किशोर शामिल रहे। वनकर्मियों ने पहले लोगों को वन्यजीवों से दूर किया और भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षित दूरी पर भेजा।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर घड़ियाल और उदबिलाव दोनों को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद दोनों वन्यजीवों को उनके अनुकूल प्राकृतिक वास क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि गेहुआ नदी का जलस्तर इन दिनों बढ़ा हुआ है। जलस्तर बढ़ने के कारण घड़ियाल, मगरमच्छ और उदबिलाव जैसे जलीय वन्यजीव बहकर बैराज के आसपास पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी और बैराज के किनारे सावधानी बरतें तथा किसी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे छेड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
ALSO READ: UP: मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक जारी, महिला की मौत
घड़ियाल संरक्षण से बढ़ रही संख्या
कतर्नियाघाट क्षेत्र में घड़ियाल संरक्षण के लिए वन विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संरक्षण प्रयासों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में घड़ियालों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। ऐसे में बैराज और नदी क्षेत्र में इनकी मौजूदगी वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































