UP: अमेठी में राखी बंधवाने के बाद जेन-अल्फा से डीएम ने किया संवाद

UP: अमेठी रक्षाबंधन के पर्व से पहले अमेठी कलेक्ट्रेट में भावुक और खुशनुमा माहौल देखने को मिला। सेपियन स्कूल की छात्राएं जिलाधिकारी संजय चौहान को राखी बांधने पहुंचीं। छात्राओं ने डीएम की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का रिश्ता निभाया। इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ करीब एक घंटे तक बातचीत की और उनके सवालों का जवाब देते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

करियर और सोशल मीडिया को लेकर छात्राओं ने पूछे सवाल

संवाद के दौरान छात्राओं ने करियर, पब्लिक स्पीकिंग, आलस्य, काम टालने और सोशल मीडिया से होने वाले ध्यान भटकाव को लेकर डीएम से सवाल किए। एक छात्रा ने पूछा कि पढ़ाई या जरूरी काम के दौरान बार-बार ध्यान भटकने और काम टालने की आदत से कैसे बचा जाए। इस पर डीएम ने कहा कि ध्यान भटकने की समस्या काफी हद तक हमारी अपनी आदतों से जुड़ी होती है। सोशल मीडिया गलत नहीं है, लेकिन उसके इस्तेमाल की सीमा तय करना जरूरी है।

Also Read:Saharanpur: सहारनपुर घरों में चोरी करने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार, पाजेब-मंगलसूत्र समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद

सफलता के लिए अनुशासन और निरंतरता जरूरी

जिलाधिकारी संजय चौहान ने छात्राओं को समझाया कि मौजूदा समय सूचना और विकल्पों से भरा हुआ है। ऐसे में एक साथ कई लक्ष्य निर्धारित करने से व्यक्ति का फोकस कमजोर हो सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और मेहनत जरूरी है। साथ ही उन्होंने छात्राओं को अपनी दिनचर्या व्यवस्थित रखने और समय का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी।

‘आलस्य और ज्यादा आराम’ को बताया बड़ी बाधा

आलस्य से जुड़े सवाल पर डीएम ने कहा कि व्यक्ति की प्रगति में आलस्य और जरूरत से ज्यादा आराम बड़ी रुकावट बन सकते हैं। अगर इन दोनों पर नियंत्रण कर लिया जाए तो लक्ष्य हासिल करना काफी आसान हो जाता है। वहीं, पब्लिक स्पीकिंग को लेकर एक छात्रा ने कहा कि वह डीएम जैसा बनना चाहती है, लेकिन लोगों के सामने बोलने में घबराहट होती है। इस पर डीएम ने कहा, ‘मेरे जैसा नहीं, अपना खुद का बेहतर वर्जन बनो।’ उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और मंच पर प्रभावी ढंग से बोलने के लिए नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।

Also Read: Jaunpur: 22 साल पुराने हत्याकांड में सपा नेता मनोज मौर्या समेत चार भाइयों को उम्रकैद

राखी के बाद डीएम ने छात्राओं को दिया शगुन और आशीर्वाद

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने छात्राओं को शगुन और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान छात्राएं बेहद उत्साहित नजर आईं। छात्राओं ने डीएम के साथ हुई बातचीत को प्रेरणादायक बताया और कहा कि संवाद के दौरान उन्हें पढ़ाई, करियर और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव मिले।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)