UP: रायबरेली में ‘बुआ बनाम भतीजी’ की सियासी पटकथा तैयार, पूनम सिंह ने थामा सपा का दामन

UP: रायबरेली की हाईप्रोफाइल सियासत में एक बड़ा ‘पॉलिटिकल भूचाल’ आ गया! पूर्व दबंग विधायक दिवंगत अखिलेश सिंह के परिवार में बरसों से सुलग रही सियासी अदावत की चिंगारी अब एक बार फिर भड़क उठी है। सदर से वर्तमान भाजपा विधायक अदिति सिंह की सगी बुआ और समाजसेवी पूनम सिंह ने अचानक लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा का दामन थाम लिया है। इस एक कदम ने न सिर्फ रायबरेली की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है, बल्कि सदर विधानसभा सीट के पारिवारिक और राजनीतिक समीकरणों को भी पूरी तरह से उलझा कर रख दिया है।

बुआ बनाम भतीजी, सदर सीट पर मचेगा घमासान?

रायबरेली की सदर सीट दशकों से पूर्व विधायक अखिलेश सिंह और उनके परिवार का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। अखिलेश सिंह के दबदबे के बाद उनकी बेटी अदिति सिंह ने इस विरासत को संभाला और फिलहाल वह भाजपा से विधायक हैं। लेकिन अब उनके ही परिवार की अहम सदस्य और अखिलेश सिंह की बहन पूनम सिंह का सपा के साथ खड़ा होना, सीधे तौर पर पारिवारिक विरासत में ‘दो फाड़’ की ओर इशारा कर रहा है।सियासी गलियारों में चर्चाएं गरम हैं कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूनम सिंह को पार्टी में शामिल कराकर बड़ा दांव खेला है। अगर आगामी चुनावों में सपा पूनम सिंह को सदर विधानसभा सीट से मैदान में उतारती है, तो रायबरेली की धरती पर ‘बुआ बनाम भतीजी’ यानी पूनम सिंह और अदिति सिंह के बीच सीधा और बेहद ही दिलचस्प महामुकाबला देखने को मिल सकता है।

Also Read: UP: अमेठी में BJP का मिशन-2027 शुरू, राष्ट्रीय महामंत्री बनते ही एक्टिव हुईं स्मृति ईरानी

​भाजपा के लिए बढ़ सकती है चुनौती

पूनम सिंह की इस धमाकेदार सियासी एंट्री से भारतीय जनता पार्टी के लिए भी नई मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। स्थानीय प्रभाव और पारिवारिक रसूख के कारण रायबरेली की राजनीति में यह बदलाव सिर्फ दो पार्टियों की जंग नहीं, बल्कि एक ही परिवार के दो ध्रुवों की सीधी लड़ाई बन गया है। सपा में शामिल होने के बाद पूनम सिंह ने कहा कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। अब देखना यह होगा कि रायबरेली के इस ‘पारिवारिक सियासी ड्रामे’ का अगला अंक क्या मोड़ लेता है!

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)