UP: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को भव्य और आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने देर रात अपर नगर आयुक्त और विद्युत/प्रकाश विभाग के अधिकारियों के साथ मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान रात के समय प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।
प्रमुख मार्गों पर सजावटी रोशनी का लिया जायजा
निरीक्षण की शुरुआत टाउनशिप रोड से हुई। नगर आयुक्त ने टैंक चौराहा, मछली फाटक फ्लाईओवर, एसबीआई चौराहा, न्यू बस स्टैंड और बीएसए रोड होते हुए भूतेश्वर तिराहा तक प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों पर लगी सजावटी लाइटों, रोशनी की पर्याप्तता और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की स्थिति देखी गई।
जन्मभूमि से वृंदावन तक व्यवस्थाओं की पड़ताल
इसके बाद टीम ने भूतेश्वर चौराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट, मसानी चौराहा और बिरला मंदिर होते हुए वृंदावन तक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर लगाए गए भक्ति स्तंभों, स्ट्रीट पोल की तिरंगा लाइटिंग और अन्य सजावटी विद्युत व्यवस्थाओं को देखा। इसके अलावा पानीगांव रोड, पानीगांव कट और परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
प्रेम मंदिर और परिक्रमा मार्ग पर भी निरीक्षण
निरीक्षण टीम ने पानीगांव कट से 100 फुटा तिराहा, पापड़ी चौराहा, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, परिक्रमा मार्ग और रमणरेती होते हुए जादौन पार्किंग तक व्यवस्थाओं की पड़ताल की। जन्माष्टमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मार्गों पर आकर्षक रोशनी और सौंदर्यीकरण कार्यों को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
बंद लाइटें तत्काल ठीक कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मछली फाटक फ्लाईओवर पर कुछ तिरंगा और मोर आकृति वाली लाइटें बंद मिलीं, जिस पर नगर आयुक्त ने उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। भूतेश्वर क्षेत्र में तिरंगा लाइटिंग और दीवारों पर फेसाड लाइटिंग का काम जल्द पूरा कराने को कहा गया। 100 फुटा फ्लाईओवर पर तिरंगा लाइटिंग सुनिश्चित करने के साथ रमणरेती पुलिस चौकी से बिहारी जी क्षेत्र तक पेड़ों पर RGB लाइट लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































