UP: ममता हुई शर्मसार: बोरी में बंद कर नवजात को जंगल में छोड़ा

UP: जंगल में पशु चरा रहे ग्रामीणों ने सोमवार को नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो उनके कदम ठिठक गए। आवाज का पीछा करते हुए ग्रामीण आगे बढ़े तो एक बोरी पड़ी दिखाई दी। बोरी खोलकर देखा तो उसमें नन्ही नवजात बच्ची बिलख रही थी। मासूम को इस हालत में देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

Also Read: Raebareli: रायबरेली में आकाशीय बिजली ने छीन ली जिंदगी, शौच के लिए निकले भोला की मौके पर मौत

मामला थाना फरह क्षेत्र के सलेमपुर गांव का है। जंगल में पशु चरा रहे लोगों के लिए बच्ची की रोने की आवाज किसी अनहोनी का संकेत थी। जब बोरी खोली गई तो उसमें नवजात को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। जिस मासूम को जन्म के बाद मां की गोद और परिवार का सहारा मिलना चाहिए था, उसे बोरी में डालकर जंगल में छोड़ दिया गया।पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत पर चिकित्सक नजर रखे हुए हैं।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला ने बच्ची को जन्म देने के बाद सामाजिक लोकलाज या अन्य परिस्थितियों के चलते उसे जंगल में छोड़ दिया होगा। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की है। बच्ची को जंगल में किसने छोड़ा और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी जांच की जा रही है।

ALSO READ: Gonda: करनैलगंज झपटमारी का खुलासा, दो गिरफ्तार, 23 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद

रुलाई नहीं सुनी होती तो..

जंगल में अगर ग्रामीणों ने उस मासूम की रुलाई नहीं सुनी होती तो शायद उसकी जिंदगी खतरे में पड़ जाती। बोरी में बंद उस नन्ही जान की आवाज ने न सिर्फ ग्रामीणों को रोक लिया, बल्कि समय पर मदद मिलने से उसकी जिंदगी भी बच गई। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर वह कौन था, जिसने जन्म लेते ही मासूम को अपनों से दूर कर जंगल की खामोशी में छोड़ दिया। कस्बा इंचार्ज अजय मलिक ने बताया जंगल में एक बोरी के ऊपर काली चुन्नी में लिपटी नवजात बच्ची मिली थी जिसे जिलाअस्पताल भर्ती कराया गया जिसका इलाज चल रहा ,ओर इसकी जांच भी की जा रही है यह कृत्य किसने किया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)