Amethi: अमेठी में युवक ने नैया नाला पुल से लगाई छलांग, जामो-जगदीशपुर पुलिस के साथ एसडीआरएफ तलाश में जुटी

Amethi: जिले में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दखिनगांव स्थित नैया नाला पुल से एक अज्ञात युवक ने नाले में छलांग लगा दी। युवक के नाले में कूदने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।

जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी

मामला जामो और जगदीशपुर थाना क्षेत्र की सीमा से जुड़ा होने के कारण सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। टीम नाले में सर्च ऑपरेशन चला रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पुल पर अपना मोबाइल और चप्पल उतारकर रखे और इसके बाद नाले में छलांग लगा दी। युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसके मोबाइल फोन के जरिए पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

ALSO READ: Fatehpur: पत्नी से विवाद में ससुराल पहुंचा पवन, सोते समय पांच पर बांका से किए ताबड़तोड़ वार

नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को सर्च ऑपरेशन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए पुलिस व्यवस्था बनाए रखने में लगी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल नाले में युवक की तलाश जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)