UP: सीतापुर के लालबाग चौराहे पर हनुमान चालीसा का पाठ, मांगों को लेकर प्रदर्शनकारियों का शक्ति प्रदर्शन

UP: क्रांतिकारी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह के आह्वान पर शनिवार को सीतापुर में विभिन्न मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। काशीराम कॉलोनी स्थित महाराणा प्रताप चौक से शुरू हुआ पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ा। प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी के नियमों को वापस लेने तथा आरक्षण व्यवस्था में समानता के अधिकार की मांग शामिल रही। प्रदर्शन के दौरान कई तरह के नारे लगाए गए। भीड़ के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

Also Read: लखनऊ यूनिवर्सिटी: लाल बारादरी मस्जिद पर हंगामा, बजरंग दल की एंट्री, छात्रों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ

कार्यक्रम की शुरुआत काशीराम कॉलोनी स्थित महाराणा प्रताप चौक से हुई। यहां प्रदर्शन में शामिल लोगों ने महाराणा प्रताप और भामाशाह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च के रूप में आगे बढ़े। हाथों में झंडे और मांगों से संबंधित पोस्टर लेकर कार्यकर्ता आगे चल रहे थे। उनके पीछे बड़ी संख्या में समर्थक शामिल रहे।

मार्च शुरू होते ही भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाना चाहते हैं।

Also Read: लाल बारादरी मामला: लखनऊ विश्वविद्यालय में जोरदार प्रदर्शन, NSUI-समाजवादी छात्र सभा ने प्रशासनिक भवन का किया घेराव, ABVP कार्यकर्ता भी मौजूद

पैदल मार्च में शामिल लोगों की संख्या बढ़ने के साथ ही शहर के कई हिस्सों में पुलिस की मौजूदगी भी दिखाई दी। प्रशासन की ओर से भीड़ की स्थिति पर नजर रखी गई। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )