UP: आजमगढ़ में फर्जी इंश्योरेंस का खेल बेनकाब! दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार

UP: मुबारकपुर थाना पुलिस ने रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित वाहन इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर ग्राहकों से ठगी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश के बाद रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुबारकपुर थाने में रवि कुमार झा और अंकित जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों पर फर्जी व कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर आम लोगों से धोखाधड़ी और ठगी करने का आरोप है।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

शनिवार को उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण और शांति व्यवस्था के लिए बड़ी अर्जेन्टी तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी रवि कुमार झा रोडवेज तिराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर करीब 13:05 बजे रोडवेज तिराहे से कुछ दूरी पहले, कस्बा मुबारकपुर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह ग्राहकों से रुपये लेकर रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार करता था और इससे अनुचित लाभ अर्जित करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार झा पुत्र विनोद झा, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता उत्तम नगर, जनकपुरी, नई दिल्ली और मूल पता सीतामढ़ी, बिहार बताया गया है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक अन्य आरोपी अंकित जायसवाल भी नामजद है। मुकदमा: मु0अ0सं0 298/2026, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस, थाना मुबारकपुर। गिरफ्तारी करने वाली टीम: उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी, कांस्टेबल कुलदीप सरोज और कांस्टेबल मुकुन्द मिश्रा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)