गोण्डा: देवीपाटन मण्डल में सरकारी विद्यालयों के मेधावी एवं परिश्रमी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘देवीपाटन शिक्षा की उड़ान’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर संचालित इस अभियान के तहत अब तक गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में 55,489 विद्यार्थियों को स्टडी टेबल वितरित की जा चुकी हैं। स्टडी टेबल मिलने पर विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।
अभियान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को उनकी मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें घर पर नियमित एवं एकाग्र होकर अध्ययन करने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को भी इस पहल से जोड़ा गया है।
जनपदवार गोण्डा में 18,191, बहराइच में 13,943, बलरामपुर में 16,155 और श्रावस्ती में 7,200 स्टडी टेबल वितरित की जा चुकी हैं। एक लाख स्टडी टेबल वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष शेष 44,511 स्टडी टेबल का वितरण कराया जा रहा है।
बढ़ा पढ़ाई का उत्साह, सुधरी उपस्थिति स्टडी टेबल मिलने से विद्यार्थियों को घर पर पढ़ाई के लिए निर्धारित एवं सुविधाजनक स्थान मिल रहा है। इससे उनमें नियमित अध्ययन, अनुशासन और एकाग्रता को बढ़ावा मिल रहा है। अभियान का सकारात्मक असर विद्यालयों में छात्र उपस्थिति पर भी दिखाई दे रहा है।
जुलाई की तुलना में अगस्त में गोण्डा में उपस्थिति 64.25 से बढ़कर 72.23 प्रतिशत, श्रावस्ती में 57.96 से 64.56 प्रतिशत, बलरामपुर में 62.88 से 70.16 प्रतिशत तथा बहराइच में 61.56 से बढ़कर 66.86 प्रतिशत हो गई।कम लागत में प्रभावी पहलअभियान की खासियत इसका किफायती वित्तीय मॉडल है। प्रत्येक स्टडी टेबल की लागत करीब 250 रुपये है। इसके लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सीएसआर, ग्राम पंचायत निधि और विद्यालय कम्पोजिट ग्रांट जैसे विभिन्न स्रोतों का उपयोग किया जा रहा है। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि ‘शिक्षा की उड़ान’ केवल स्टडी टेबल वितरण नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और सपनों को सम्मान देने का प्रयास है।



















































