गोंडा: 20 दिन से लापता पत्रकार के भाई का नहीं मिला सुराग, मोदीनगर से आखिरी बार किया था फोन

गोंडा: करनैलगंज के पत्रकार रमेश पाण्डेय के भाई उसमेक पाण्डेय के लापता हुए 20 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। लंबे समय से तलाश के बावजूद जानकारी न मिलने से परिजन बेहद परेशान हैं और लगातार उनकी खोजबीन में जुटे हुए हैं।जानकारी के अनुसार उसमेक पाण्डेय मेरठ स्थित एक अखबार एवं किताब प्रिंटिंग प्रेस में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्य करते हैं।

बताया जा रहा है कि घर लौटते समय उनका बैग और मोबाइल चोरी हो गया था। इसके बाद वह मोदीनगर रेलवे स्टेशन से बाहर निकले। इसी दौरान उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपने भाई रमेश पाण्डेय को आखिरी बार फोन किया था।परिजनों के मुताबिक 18 अगस्त की शाम उसमेक ने दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर बताया था कि उनका बैग और मोबाइल चोरी हो गया है। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने खाना नहीं खाया है। भाई रमेश पाण्डेय ने उनकी परेशानी को देखते हुए गूगल-पे के माध्यम से उनके खाते में रुपये भेजे। इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।

Also Read; UP: चार माह से लापता युवती का नहीं मिला सुराग, परिजनों का पुलिस पर गंभीर आरोप- SSP से लगाई न्याय की गुहार

उसमेक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश तेज कर दी। परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने गाजियाबाद, मेरठ, मोदीनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भी उनकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कहीं से भी उनके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।परिजनों ने संभावित स्थानों पर जाकर लोगों से पूछताछ करने के साथ ही रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की। काफी प्रयासों के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। मामला जीआरपी क्षेत्र से बाहर होने के कारण मोदीनगर थाना पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

परिजन लगातार पुलिस से संपर्क में हैं और उम्मीद लगाए हुए हैं कि जल्द ही उसमेक पाण्डेय के बारे में कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी। परिवार ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उसमेक पाण्डेय के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को सूचना दें।लापता व्यक्ति के संबंध में सूचना मिलने की उम्मीद में परिजन विभिन्न स्थानों पर तलाश जारी रखे हुए हैं। 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)