बांदा: शहर के आवंतिका बाई चौराहे पर बुधवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब नरैनी के पूर्व विधायक राजकरण कबीर और उनकी पत्नी एवं महुआ ब्लॉक प्रमुख उर्मिला कबीर के साथ कथित अभद्रता के बाद विवाद बढ़ गया। मामला इतना बढ़ा कि पूर्व विधायक की सुरक्षा में तैनात सरकारी गनर और एक युवक के बीच कथित तौर पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक हो गई।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक अपनी निजी गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान चौराहे पर एक युवक से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि युवक ने पूर्व विधायक और उनकी पत्नी के साथ अभद्रता की। गनर ने जब युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह कथित तौर पर गनर से भी उलझ गया।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति और गनर के बीच बहस तथा धक्का-मुक्की होती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से संबंधित वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )



















































