मुरादाबाद: काशीराम कॉलोनी के जर्जर आवास खाली कराने के नोटिस का विरोध, डीएम से लगाई गुहार

मुरादाबाद: ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 स्थित काशीराम कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने जर्जर आवासों को खाली कराने के लिए दिए जा रहे नोटिस को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने और उनके रहने के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

कॉलोनीवासियों के मुताबिक, वर्ष 2012 में उन्हें काशीराम कॉलोनी में आवास आवंटित किए गए थे। उनका कहना है कि कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश लोग गरीब और मेहनत-मजदूरी करने वाले हैं। आवास मिलने के बाद उन्होंने अपने स्तर से लोन और ब्याज पर पैसे लेकर मकानों की मरम्मत कराई। इसके अलावा कई लोगों ने अपने खर्चे पर निजी नल भी लगवाए।

Also Read: बंटवारे के विवाद में सगे भाइयों में खूनी संघर्ष, तीन घायल,चार पर मुकदमा दर्ज

शिकायती पत्र में कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 12 से 13 वर्षों के दौरान प्रशासन और शासन की ओर से कॉलोनी की मरम्मत और रखरखाव के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि निर्माण में इस्तेमाल हुई सामग्री की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण कॉलोनी के आवास समय से पहले ही जर्जर हालत में पहुंच गए। इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन उनके अनुसार समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

अब कॉलोनीवासियों का कहना है कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार और नगर पालिका कर्मचारियों की ओर से आवास खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि उन्हें आवास खाली करने के लिए मजबूर किया गया तो उनके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी।

ALSO READ: Amethi: दबंगों ने युवक को जमकर पीटा, गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप

शिकायती पत्र में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेंदुए के प्रकोप का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए के हमलों की घटनाओं से पहले ही लोगों में डर का माहौल है। ऐसे में छोटे बच्चों और परिवारों को लेकर दूसरी जगह जाना उनके लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने, जर्जर आवासों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने और प्रभावित परिवारों के रहने के लिए उचित प्रबंध किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं