सुजौली: बहराइच राजस्थान के सूरतगढ़ में रोजी-रोटी के लिए रह रहे बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र के बाजार टोला निवासी एक युवक की अचानक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बाजार टोला निवासी शेरू पुत्र मंजूर अपने परिवार के साथ सूरतगढ़, राजस्थान में रहकर काम करता था। बताया जा रहा है कि वह ठेकेदारी के साथ-साथ एक दुकान का संचालन भी करता था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद पानी से भरे गड्ढे में गिरने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद शेरू के साथियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को बहराइच स्थित उसके पैतृक गांव सुजौली लाया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक शव के शनिवार रात तक गांव पहुंचने की संभावना है।
Also Read: इटावा: हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
शेरू की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि शेरू अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश और भविष्य की बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
युवक की असमय मौत से बाजार टोला सहित आसपास के ग्रामीणों में भी गहरा दुख है। परिजन शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।



















































