बांदा: एक फोन कॉल पुलिस की तत्काल कार्रवाई और बच गई एक जिंदगी। परिजनों से नाराज होकर घर से निकला युवक आत्महत्या के इरादे से केन नदी बाईपास पुल पर जा पहुंचा।उसने फोन पर परिजनों को पुल पर होने की जानकारी दी तो परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही डायल यूपी-112 और थाना मटौंध पुलिस की संयुक्त टीम हरकत में आ गई।मामला बीती देर रात का है।तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम अस्करन निवासी एक व्यक्ति ने डायल यूपी-112 पर सूचना दी कि उसका बेटा घरवालों से नाराज होकर मोटरसाइकिल लेकर घर से चला गया है।फोन पर बात होने पर युवक ने बताया कि वह आत्महत्या करने के उद्देश्य से केन नदी पुल पर खड़ा है।
Also Read; सुल्तानपुर: अवैध कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, दो कुंतल लहन नष्ट
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल केन नदी बाईपास पुल पहुंचे।पुलिस ने युवक को ढूंढ निकाला और उसके साथ किसी तरह की जल्दबाजी या दबाव के बजाय धैर्य और संवेदनशीलता से बातचीत शुरू की।काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस टीम युवक को सुरक्षित स्थान पर लेकर आई।युवक को मोटरसाइकिल समेत चौकी भूरागढ़ लाया गया।पूछताछ में उसने बताया कि वह परिजनों से नाराज था और आवेश में आकर आत्महत्या के इरादे से पुल पर पहुंच गया था।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों को चौकी बुलाया और युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।परिवार के लिए यह पल राहत और भावुकता से भरा रहा।पुलिस टीम ने युवक को जीवन के महत्व और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बारे में समझाया।साथ ही भविष्य में आवेश में इस तरह का कदम न उठाने की सलाह दी।परिजनों को भी युवक की बात धैर्यपूर्वक सुनने और सहानुभूति के साथ पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा गया।
एक कॉल ने बदल दिया पूरा घटनाक्रम
अगर डायल यूपी-112 पर समय रहते सूचना नहीं पहुंचती और पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंचती,तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।पुलिस के मुताबिक,टीम की तत्परता,धैर्य और संवेदनशील बातचीत से युवक को सुरक्षित बचाकर उसके परिवार तक पहुंचाया गया।
चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविंद कुमार,कांस्टेबल अनुज यादव,कांस्टेबल टिंकू मौर्या,डायल यूपी-112 के कांस्टेबल नागेंद्र सिंह,कांस्टेबल गौतम प्रसाद,चालक महेंद्र सिंह और होमगार्ड घनश्याम तिवारी।


















































