UP: यूपी के बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्राथमिक विद्यालयों में बाल वाटिका केंद्रों के संचालन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार जिले भर में 517 विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर पाए गए हैं। इनमें से अब तक 503 जर्जर भवनों का तकनीकी मूल्यांकन पूरा कराया जा चुका है जिलाधिकारी ने शेष बचे भवनों का शीघ्र मूल्यांकन कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नीलामी की प्रक्रिया पारदर्शी हो। नीलामी से पूर्व संबंधित ग्राम पंचायतों में लाउडस्पीकर से मुनादी कराई जाए तथा पंचायत भवनों पर नोटिस चस्पा किए जाएं। जिन विद्यालयों के भवन गिराए जाएंगे, वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन हेतु वैकल्पिक व्यवस्था और नए निर्माण की स्पष्ट कार्ययोजना मांगी गई।
Also Read: UP: जर्जर विद्यालय पर सियासत या हकीकत? विद्यालय को लेकर AAP ने किया था ट्वीट
जिले के 48 विद्यालयों में अब तक विद्युत संयोजन न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। संबंधित अधिकारियों को अविलंब कनेक्शन कराने के निर्देश मिले। सभी स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा पेयजल टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। दिव्यांग विद्यार्थियों के चिन्हांकन, उनके प्रमाण पत्रों और आवश्यक सहायक उपकरणों के वितरण की स्थिति पर एक सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई।
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि भोजन केवल स्टील के बर्तनों में ही पकाया जाए। रसोई घर में पूर्ण स्वच्छता रहे और इसकी नियमित दैनिक जांच हो। सोशल मीडिया पर शिक्षण व्यवस्था से जुड़ी भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर विधिक कार्रवाई करने को कहा गया।
ALSO READ: UP: इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद सपा में शामिल, अखिलेश यादव के सामने ली सदस्यता
रिक्त पड़े प्राथमिक विद्यालय भवनों को बाल वाटिका केंद्र के रूप में उपयोग करने हेतु सूची मांगी गई। आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक बाल पेंटिंग से सजाने, केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने और बाल वाटिका शिक्षा अनिवार्य रूप से संचालित करने के आदेश जारी किए गए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।


















































