बहराइच: नानपारा-तकिया रोड पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बोधवा निवासी प्रमोद कुमार (28) पुत्र विजय तथा उनके भतीजे अनुज कुमार (20) पुत्र स्वर्गीय समय दीन के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, अनुज अपने चाचा प्रमोद के साथ नानपारा आया था। दोनों अनुज के पिता समय दीन को लेने पहुंचे थे। बताया गया कि समय दीन लखनऊ में मजदूरी करते हैं और रोडवेज बस से वापस लौट रहे थे।
शनिवार देर शाम करीब 9 बजे प्रमोद और अनुज पैशन प्रो मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। नई बस्ती में मुराद अली के घर के सामने पहुंचते ही सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि सड़क किनारे पत्थर और अन्य निर्माण सामग्री रखे होने से बाइक का संतुलन बिगड़ा और इसी दौरान सामने से आए अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
चार महीने पहले हुई थी अनुज की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले अनुज की शादी को अभी महज चार महीने ही हुए थे। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के मुताबिक, प्रमोद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभाल रहा था। उसकी तीन बहनों की शादी भी अभी नहीं हुई थी और उनकी जिम्मेदारी भी परिवार पर थी। चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
















































