UP: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) के स्वयंसेवक जवानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने उनके दैनिक भत्ते में 100 रुपये की बढ़ोतरी की है। अब पीआरडी जवानों को ड्यूटी के दौरान 500 रुपये के बजाय 600 रुपये प्रतिदिन दैनिक भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
हर दिन मिलेंगे 600 रुपये
सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर में तैनात पीआरडी जवानों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा। दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी के बाद अब प्रत्येक जवान को पहले की तुलना में रोजाना 100 रुपये अधिक मिलेंगे। यह वृद्धि पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए सरकार की ओर से किए गए महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल है।
अप्रैल 2025 में भी बढ़ा था भत्ता
पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में इससे पहले अप्रैल 2025 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय दैनिक भत्ता 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया था। अब सरकार ने एक बार फिर इसमें 100 रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 600 रुपये कर दिया है।
प्रदेश में 31,130 जवान रजिस्टर्ड
उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 31,130 पीआरडी स्वयंसेवक जवान पंजीकृत हैं। दैनिक भत्ते में वृद्धि के साथ सरकार ने इन जवानों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा भी बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे पात्र पीआरडी जवानों को इलाज के खर्च को लेकर राहत मिलने की उम्मीद है।
5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज
सरकार के फैसले के तहत अब पात्र पीआरडी जवानों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत राजकीय और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। हालांकि, इस सुविधा का लाभ उन्हीं पीआरडी जवानों को मिलेगा, जिन्होंने संबंधित वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन महीने ड्यूटी की हो।
















































