Raebareli: प्यार और गिफ्ट का झांसा देकर लाखों की ठगी, साइबर गैंग के 4 शातिर ठग गिरफ्तार

Raebareli: जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरचंदपुर पुलिस, चन्दापुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मैट्रिमोनियल साइटों और सोशल मीडिया के जरिए भोले-भाली युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक शातिर साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से 1.75 लाख रुपये नकद, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

​हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि 21 सितंबर को थाना क्षेत्र की ग्रामीण बैंक शाखा जोहवाशर्की में अरविंद कुमार नामक व्यक्ति द्वारा अनधिकृत वित्तीय लेनदेन किए जाने की शिकायत मिली थी। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उनि प्रवेश तुषार ने मौके पर जांच की तो पता चला कि बैंक खाताधारकों की बिना अनुमति के अवैध लेनदेन किए गए हैं। इस संबंध में थाना हरचंदपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने दबिश देकर दतौली लिंक रोड के पास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरविंद कुमार, प्रसून जयन्त, शिवा मिश्रा और मिथलेश सभी निवासी जोहवाशर्की, थाना हरचंदपुर के रूप में हुई है।

ALSO READ: Hathras: लिफ्ट देने के बहाने महिला को ले गया युवक, बेहोश कर गलत कृत्य का आरोप, थाने में FIR न होने पर SP से शिकायत

पूछताछ में अभियुक्तों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे मैट्रिमोनियल साइट पर किसी विदेशी व्यक्ति के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवतियों से चैटिंग करते थे। विश्वास जीतने के बाद उन्हें महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य कस्टम अधिकारी बनकर युवतियों को फोन करते थे और कहते थे कि उनका बहुत महंगा गिफ्ट आया है, जिसके एवज में टैक्स जमा करना होगा। टैक्स के नाम पर वे युवतियों से अपने खातों में रुपये ट्रांसफर करवा लेते थे, जिसे बाद में एटीएम या चेक के जरिए निकालकर आपस में बांट लेते थे। ​थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी गहराई से जांच की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)