Saharanpur: थाना गंगोह की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से नाराज होकर निकली करीब 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंगोह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पखनपुर निवासी करीब 16 वर्षीय नाबालिग बालिका घर से गुस्सा होकर कहीं चली गई है।सूचना मिलते ही थाना गंगोह की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक खुशबू, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह समेत पुलिस टीम ने बालिका की तलाश शुरू की।
ALSO READ: Bareilly: छिनैती के तीन आरोपियों को मीरगंज पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल
पुलिस ने आसपास के गांवों और थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर तलाश और चेकिंग अभियान चलाया।अथक प्रयास के बाद पुलिस टीम को बालिका कस्बा गंगोह स्थित बिजलीघर के पास बैठी हुई मिली। पुलिस टीम ने मौके पर ही बालिका को सकुशल संरक्षण में लिया और मिशन शक्ति केंद्र पर लाया गया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से फोन पर संपर्क कर बालिका के सकुशल मिलने की जानकारी दी और उन्हें थाने बुलाया।परिजनों ने पुलिस को बताया कि बालिका घर से गुस्सा होकर निकल गई थी और रास्ता भटक गई थी। आवश्यक प्रक्रिया के बाद पुलिस ने नाबालिग बालिका को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने गंगोह पुलिस और सहारनपुर पुलिस का हृदय से आभार जताया।बरामद करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक खुशबू, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल चंद्रपाल सिंह और महिला कांस्टेबल 502 अनु शामिल रहीं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































