लखनऊ। मात्र 40 रुपये के मक्खन का भुगतान न करने के लिए एक युवक ने खुद को नोएडा का IPS अधिकारी बताकर दुकानदार पर रौब झाड़ने की कोशिश की। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने सैल्यूट मांगना शुरू कर दिया और पुलिस आने पर भी हेकड़ी दिखाई। आखिरकार उसकी पोल खुल गई और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
गोल मार्केट में फर्जी IPS की हेकड़ी
घटना लखनऊ के गोल मार्केट की है। युवक ने खुद को नोएडा में तैनात IPS अधिकारी बताया और दुकानदार पर दबाव बनाने लगा। जब दुकानदार ने 40 रुपये के मक्खन के पैसे मांगे तो युवक ने इनकार कर दिया और कहा- “मुझे सैल्यूट करो, मैं IPS हूँ।”
दुकानदार के बार-बार पैसे मांगने पर युवक भड़क गया और रौब झाड़ने लगा।
पुलिस पहुंची तो भी नहीं छोड़ी अफसर वाली अदा
मामला बढ़ता देख दुकानदार ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के पहुंचने पर भी युवक ने अपनी हेकड़ी नहीं छोड़ी। उसने पुलिसकर्मियों से सैल्यूट मांगना शुरू कर दिया। जब पुलिस ने उससे पहचान पत्र (ID) मांगा तो वह टालमटोल करने लगा और कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
युवक लगातार दावा करता रहा कि वह नोएडा में तैनात IPS अधिकारी है, लेकिन न तो कोई ID कार्ड दिखाया और न ही कोई अन्य प्रमाण।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बढ़ता शक, पोल खुली
युवक के व्यवहार और दस्तावेज न दिखा पाने से पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में उसकी कहानी में कई विरोधाभास सामने आए। आखिरकार पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक पहले भी ऐसी कोई घटना में शामिल तो नहीं रहा।
आमजन में रोष, सोशल मीडिया पर चर्चा
यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग फर्जी अफसरों की बढ़ती संख्या पर सवाल उठा रहे हैं। एक तरफ जहां सच्चे पुलिस अधिकारी जनसेवा में लगे रहते हैं, वहीं कुछ युवक ऐसे फर्जीवाड़े से पूरे व्यवस्था का मजाक उड़ा रहे हैं।
₹40 जैसे छोटे से मामले में फर्जी IPS बनकर रौब झाड़ने वाले युवक की इस हरकत ने स्थानीय लोगों में काफी रोष पैदा कर दिया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































