आज फिर आसमान ‘तिरंगा’ हो गया…T20 World Cup में भारत की जीत पर बोले CM योगी

UP: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के फाइनल में भारत की शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने भी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने इस जीत को पूरे देश की जीत बताते हुए कहा कि यह 145 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं

फाइनल जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘जयतु भारतम्!आज फिर आसमान ‘तिरंगा’ हो गया,145 करोड़ भारत वासियों को हार्दिक बधाई! विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन!’ उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर हजारों लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं और टीम इंडिया को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Also Read: भारत ने रचा इतिहास, तीन बार टी 20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भारत बनी

भारत ने बनाया बड़ा स्कोर

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने दिलाई। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा इशान किशन ने भी 54 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

न्यूजीलैंड 159 रन पर सिमटी

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 96 रनों से जीतकर टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए जसप्रीत बुमराह को मैन ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने के लिए संजू सैमसन को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)