दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा लश्कर-ए-तैयबा का खतरनाक आतंकवादी शाबिर अहमद लोन

राजधानी दिल्ली की सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह बांग्लादेश में रहकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के निर्देशों पर एक नया आतंकी नेटवर्क तैयार कर रहा था।

गुप्त सूचना पर रचा गया जाल, मिशन का खुलासा

एजेंसियों ने सटीक इनपुट मिलने के बाद योजना बनाकर उसे दिल्ली बॉर्डर पर ही दबोच लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शब्बीर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए काम कर रहा था और उसे सीमा पार से लगातार निर्देश मिल रहे थे। फिलहाल उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Also Read: गाजियाबाद: ई-रिक्शा चलाने वाली 30 वर्षीय मीरा प्रजापति जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, पाकिस्तान भेजती थी संवेदनशील जगहों की तस्वीरें

पोस्टर अभियान के जरिए फैलाया जा रहा था प्रोपेगेंडा

हाल ही में दिल्ली और दक्षिण भारत में लश्कर के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था, जिसमें कई स्थानों पर भारत विरोधी पोस्टर लगाए गए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तरह की गतिविधियों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी। इस गिरफ्तारी को उसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पहले भी रह चुका है जेल में, फिर हुआ सक्रिय

शब्बीर अहमद लोन का नाम पहले भी सुरक्षा एजेंसियों की सूची में शामिल रहा है। उसे 2007 में दिल्ली पुलिस ने भारी हथियारों जैसे AK-47 और ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। वह 2018 तक तिहाड़ जेल में सजा काट चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय होकर बांग्लादेश को अपना ठिकाना बना लिया था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)