चंदौली : डीडीयू नगर: डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर रविवार रात एक यात्री चलती ट्रेन के नीचे गिर गया . यह घटना आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस के प्लेटफार्म संख्या तीन से खुलने के दौरान हुई.संयोगवश यात्री को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया.
यह घटना रात करीब सवा 10 बजे हुई.ट्रेन अपने निर्धारित ठहराव के बाद खुल रही थी, तभी यात्री वीरेंद्र कुमार ट्रेन के नीचे आ गया.
प्लेटफार्म संख्या दो पर ड्यूटी पर तैनात मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार ने यात्री को ट्रेन के नीचे देखा.उन्होंने तुरंत शोर मचाकर यात्री को पेट के बल लेटे रहने और न हिलने का इशारा किया.
अक्षय कुमार की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी कर्मी भी मौके पर पहुंचे.तत्काल ट्रेन में चेन पुलिंग कर उसे रोका गया.इसके बाद यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम वीरेंद्र कुमार, निवासी चंद्ररहिया, मोतिहारी, बिहार बताया.उसने बताया कि धक्का लगने से वह ट्रेन के नीचे गिर गया था.हालांकि, कुछ अन्य लोगों ने आशंका जताई कि युवक मरने के इरादे से ट्रेन के नीचे आया था.
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रेन के नीचे गिरे यात्री की जान बचाई गई है.
















































