रायबरेली में बेमौसम बारिश का कहर: विधायक राहुल लोधी ने खोला मोर्चा, डीएम से कहा- ‘अन्नदाता की बर्बादी का हिसाब दे सरकार’

रायबरेली: कुदरत की मार से कराह रहे किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने हुंकार भरी है। बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से तबाह हुई रबी की फसलों को लेकर विधायक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर दो टूक शब्दों में तत्काल मुआवजे की मांग की है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि अगर जल्द ही सर्वे कर राहत राशि नहीं बांटी गई, तो किसान भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे।

खेत में बिछ गई किसानों की मेहनत, दाने-दाने को मोहताज ‘अन्नदाता’

विधायक ने अपने पत्र में जिले के किसानों के दर्द को बयां करते हुए लिखा कि रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे जिले में गेहूं, सरसों और चने की फसलें मिट्टी में मिल गई हैं। जो फसल कटने को तैयार थी, वह मलबे में तब्दील हो चुकी है। साल भर पसीना बहाने वाले किसान के हाथ में अब सिर्फ खाली जमीन और आंखों में आंसू हैं। राहुल लोधी ने कहा, “यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसान के परिवार की जीविका पर गहरा आघात है।”

विधायक की दो टूक- ‘मनोबल टूटने से बचाए सरकार’

राहुल लोधी ने पत्र में स्पष्ट किया कि किसान इस समय आर्थिक के साथ-साथ मानसिक संकट से भी जूझ रहा है। सरकार और प्रशासन की ‘कछुआ चाल’ किसानों का मनोबल तोड़ सकती है। उन्होंने मांग की है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित आपदा राहत प्रावधानों के तहत अधिकतम सहायता पहुंचाई जाए ताकि किसान दोबारा उठ खड़ा हो सके।

https://youtube.com/@breakingtubelive?si=fUSugc9gNTBkf_37