मुरादाबाद में योगी की मंत्री गुलाब देवी का अटपटा संबोधन, बोलीं- महिलाएं अगर मोदी को भूली तो नरक में भी जगह नहीं मिलेगी…

मुरादाबाद : मोदी योगी को भगवान बताने वाले उत्तर प्रदेश के हरदोई की गोपामऊ सीट से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश के बयान के बाद अब यूपी की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी का भी एक ऐसा ही बयान सामने आया है। गुलाब देवी ने मुरादाबाद में एक कार्यक्रम में कहा कि अगर 33% प्रतिशत का अधिकार देने वाले मुखिया (मोदी) को आप भूले तो नर्क में भी ठिकाना नहीं मिलेगा, स्वर्ग की तो बात ही छोड़ो। इस दौरान उन्होंने योगी की भी जमकर तारीफ की और उन्हें घर का मुखिया और अभिभावक बताया।

मुरादाबाद के पंचायत भवन में महिला आरक्षण बिल को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए योगी सरकार की मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि जैसे व्यक्ति अपने कर्म करता है, उसे वैसा ही फल मिलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी भावनाएं सकारात्मक रखें, अच्छा चरित्र बनाए रखें और जीवन में समय का सदुपयोग करें। उनके अनुसार संसार की भौतिक वस्तुएं तो मिल सकती हैं, लेकिन बीता हुआ समय वापस नहीं आता।

Also Read : नोएडा हिंसा पर सख्त कार्रवाई जारी, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद बोले- सरकार मजदूरों के साथ…

उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन का हर क्षण महत्वपूर्ण है और इसे अंतिम जैसा समझकर अच्छे कार्य करने चाहिए, ताकि लोग उन्हें याद रखें। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन अनिश्चित है, इसलिए जब तक सांस चल रही है, तब तक ऐसा काम करना चाहिए जिससे समाज में अच्छी पहचान बने।

आगामी 2027 चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी लोग विभिन्न रूपों में लोगों के बीच आकर उन्हें प्रभावित करने की कोशिश करेंगे, इसलिए सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को उस नेतृत्व को नहीं भूलना चाहिए, जिसने पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे अधिकार दिए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश नेतृत्व को एक अभिभावक की तरह देखते हुए यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँच रहा है और लोगों को इन्हें याद रखना चाहिए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)