अमेठी : जिले के नरहरपुर गांव में 12 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के दौरान हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आज यानी शुक्रवार को सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव के नेतृव में बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं कलेक्टरेट पहुंची, जहां उन्होंने अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और बेगुनाहों पर कार्रवाई न करने की मांग की है। सपा नेता ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के इशारे पर घटना का राजनीतिक करण किया जा रहा है।
दरअसल, ये पूरा मामला रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव का है, जहाँ 12 अप्रैल को ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुँची और चबूतरे को जेसीबी से तुड़वाते हुए प्रतिमा को सुरक्षित रखा दिया। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव कलेक्टरेट पहुँचे
घटना को लेकर आज बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं के साथ सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव कलेक्टरेट पहुँचे, जहां उन्होंने अतिरिक्त एसडीएम नीतीश राज को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और बेगुनाहों पर कार्रवाई न करने का निवेदन किया है। सपा नेता ने कहा कि गांव के दलित ग्रामीणों ने गांव में प्रतिमा लगाई थी और मौके पर मौजूद लेखपालों ने माहौल बिगाड़ने के लिए पथराव किया और आरोप ग्रामीणों पर लगाया गया है। इस घटना में कई गरीब ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया और आज भी ग्रामीणों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रशासन ग्रामीणों से बात कर बीच का रास्ता निकाले
इस पूरी घटना का कुछ लोगों के इशारे पर राजीनीतिक करण किया जा रहा है। आज भी वहां पीएसी लगाई गई है और ग्रामीणों को डराया धमकाया जा रहा है। इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और बेगुनाहों को परेशान न किया जाए। साथ ही प्रशासन ग्रामीणों से बात कर बीच का रास्ता निकाले जिससे कि ग्रामीणों में दहशत समाप्त हो सके।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































