रायबरेली : रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर बीती रात एक आवारा मवेशी ने हंसते-खेलते दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। सलोन कोतवाली क्षेत्र के औना गांव के पास आधी रात के वक्त उस समय कोहराम मच गया, जब बीच सड़क पर आए एक बेसहारा जानवर को बचाने के चक्कर में दो बाइकें आपस में बेकाबू होकर टकरा गईं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। तभी अचानक अंधेरे में एक अन्ना मवेशी सड़क के बीचों-बीच आ गया। उसे बचाने की कोशिश में दोनों चालकों ने अपना संतुलन खो दिया और दोनों गाड़ियां सीधे एक-दूसरे से जा भिड़ीं।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े, लेकिन तब तक दो युवक दम तोड़ चुके थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अभिराज शर्मा उर्फ लकी शर्मा (18 वर्ष) निवासी शहबाजपुर, सलोन व अंकित (22 वर्ष) निवासी जमुआं खुर्द, सलोन के रूप में हुई है।
अस्पताल में लड़ रहे मौत से जंग
हादसे में दो युवक अनिकेत पटेल (23 वर्ष)निवासी अतागंज उसरी, सलोन व अंकित (20 वर्ष) निवासी जमुआं खुर्द, सलोन गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों में आवारा मवेशियों को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर आवारा जानवरों का जमावड़ा आए दिन मौत को दावत दे रहा है, लेकिन प्रशासन मौन है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































