मथुरा: नौहझील पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की दो पेटी (96 पौआ), 1 लाख 90 हजार 500 रुपये नकद और एक वैगनआर कार बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक जगदम्बा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर निषादराज चौराहे से रायपुर रोड पर कार्रवाई की।
पुलिस ने ग्राम रायपुर की ओर से आ रही वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें अवैध शराब बरामद हुई। मौके से सोनू उर्फ भूरा निवासी राजागढ़ी थाना सुरीर और गजेन्द्र निवासी महारामगढ़ी थाना नौहझील को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गजेन्द्र के कब्जे से 1.90 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नौहझील में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी गजेन्द्र के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।












































