Home Police & Forces चलती बाइक पर मधुमक्खियों का हमला, जान बचाने को खेत और गांव...

चलती बाइक पर मधुमक्खियों का हमला, जान बचाने को खेत और गांव की ओर भागे दो सगे भाई

कायमगंज, फर्रुखाबाद। तहसील क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब बाइक से घर लौट रहे दो सगे भाइयों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों भाई अपनी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने को मजबूर हो गए।

जानकारी के अनुसार, सुजातपुर निवासी किशन यादव अपने छोटे भाई आनंद के साथ नवीन मंडी से खरीदारी कर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। सुबह जब वे कंपिल मार्ग स्थित उस्मान नगर के पास पहुंचे, तभी अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड उन पर टूट पड़ा।

अचानक हुए हमले से घबराए दोनों भाइयों ने तुरंत बाइक सड़क पर छोड़ दी और जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। किशन यादव पास के गांव की ओर दौड़े, जहां ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन पर पानी डाला और चादर ओढ़ाकर मधुमक्खियों से बचाया। वहीं उनका छोटा भाई आनंद पास के मक्के के खेत में घुस गया और काफी देर तक छिपकर अपनी जान बचाई।

Also Read : गोरखपुर में जल भराव एक बड़ी चुनौती थी, अब समस्या का समाधान : मुख्यमंत्री

मधुमक्खियों के हमले में दोनों भाई घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताते हुए उन्हें घर भेज दिया।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह अचानक मधुमक्खियों के हमले की घटना ने सभी को हैरान कर दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

Secured By miniOrange