रायबरेली में नहर में उतराता मिला महिला का सड़ा-गला शव, इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

रायबरेली: ऊंचाहार क्षेत्र के मनीरामपुर पुल के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एनटीपीसी जाने वाली छोटी नहर में एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव उतराता हुआ पाया गया। पानी में तैरती लाश को देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी कोणों से मामले की पड़ताल कर रही है।

​20 दिन पुराना लग रहा है शव

​शारदा सहायक नहर से निकली इस छोटी नहर में मिले शव की हालत बेहद खराब है। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, शव काफी सड़-गल चुका है। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह लाश करीब 20 दिन पुरानी है। मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

​इलाके में खौफ, जांच में जुटी पुलिस

​रायबरेली जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार मिल रहे शवों के सिलसिले ने स्थानीय पुलिस की नींद उड़ा दी है। इस ताजा घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग इसे किसी बड़ी वारदात से जोड़कर देख रहे हैं।ऊंचाहार के कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हादसे, खुदकुशी और मर्डर… सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)