नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश भाजपा की नई संगठनात्मक टीम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की और नई टीम के प्रस्तावित नामों की सूची सौंप दी। 22 मई को फिर से अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी शामिल होंगे। नई टीम की घोषणा किसी भी समय हो सकती है।
आगे की रूपरेखा
– 22 मई को फिर दिल्ली में अहम बैठक होगी।
– पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह दोबारा केंद्रीय नेतृत्व (नितिन नवीन और बीएल संतोष) से मुलाकात करेंगे।
– अंतिम मुहर लगने के बाद नई टीम की घोषणा किसी भी समय किए जाने की संभावना है।
अंदरखाने की खबर
सूत्रों के अनुसार, इस बार सिफारिशों और लॉबिंग वाले पर्चों को पूरी तरह साइडलाइन कर दिया गया है। संगठन में ग्राउंड परफॉर्मेंस और जमीनी काम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जो पदाधिकारी पिछले समय में क्षेत्र में कमजोर साबित हुए, उनकी छुट्टी लगभग तय मानी जा रही है।
दिल्ली दरबार की आखिरी मुहर लगने का इंतजार कर रहे कई बड़े पदाधिकारियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक भाजपा संगठन में हलचल तेज है।
मिशन 2027 की तैयारी
भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सजग है। कैबिनेट विस्तार के बाद अब संगठन स्तर पर सामाजिक समीकरण और प्रदर्शन के आधार पर नई टीम बनाने पर जोर है। पार्टी आक्रामक और मजबूत संगठन के साथ चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति बना रही है।
अभी तक इस पूरे मामले पर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 22 मई की बैठक के बाद बड़े फेरबदल की उम्मीद की जा रही है।














































