UP: मुगलसराय शहर के गल्ला मंडी सुपर मार्केट के पास स्थित एक नाले में नवजात शिशु मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
नाल समेत पड़ा मिला नवजात प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, नवजात शिशु नाले में पड़ा मिला। बताया गया कि शिशु के शरीर पर जन्म के तुरंत बाद की स्थिति दिखाई दे रही थी और पेट में नाल भी लगी हुई थी। सुबह टहलने निकले लोगों की नजर जब नाले में पड़े शिशु पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना स्थानीय दुकानदारों द्वारा दी गई, जिसके बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया अपनाई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सभासद ने जताया दुख स्थानीय सभासद राजेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन को अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्षेत्र में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग घटना को लेकर क्षेत्र में दुख और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद संवेदनशील और अमानवीय कृत्य बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नवजात को इस हालत में छोड़ने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर जांच करवाई में जुटे फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां किस परिस्थिति में छोड़ा गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
















































