मुगलसराय,चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के पास शनिवार को एक साइकिल सवार युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चतुर्भुजपुर निवासी मनोज कुमार (38 वर्ष) साइकिल से पटपरा गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मनोज कुमार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि थाना अलीनगर क्षेत्र के पटपरा गांव के पास एक व्यक्ति को अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान मनोज कुमार निवासी मुगलसराय के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी हुई है।













































